अंबेडकरनगर। सहालग और त्योहारी सीजन के आगमन के साथ ही रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बसों में पैर रखने तक की जगह न होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शादी-विवाह और अन्य पारिवारिक आयोजनों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं, जिससे परिवहन व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से, डिपो में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। सोमवार को बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। अयोध्या, आजमगढ़, सुल्तानपुर, बस्ती और लखनऊ की ओर जाने वाली सवारियों की संख्या विशेष रूप से अधिक रही। यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों का इंतजार करते रहे और बस आते ही सीट पाने के लिए होड़ सी मच गई।
क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि सहालग के कारण यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे रोडवेज के लोड फैक्टर में भी इजाफा हुआ है। यह स्थिति राजस्व के लिहाज से सकारात्मक है।
उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख रूटों पर बसों की पर्याप्त तैनाती की गई है। इसके अलावा, कुछ व्यस्त रूटों पर बसों के फेरों की संख्या भी बढ़ाई गई है।