सीमेंट लेकर आजमगढ़ की तरफ जा रहा ट्रक बसखारी बाजार में सोमवार सुबह घने कोहरे के चलते अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसा। घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। चालक व क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी पांच घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया।
इस बीच घटना से आक्रोशित लोगों ने बसखारी-आजमगढ़ मार्ग जाम कर दिया। लगभग दो घंटे तक चले जाम व प्रदर्शन को समाप्त कराने के लिए जिला मुख्यालय से एएसपी व सीओ सदर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया तब जाकर जाम समाप्त हुआ। बसखारी चौक से आजमगढ़ की तरफ बढ़ने पर बाजार में नूरी मस्जिद है।
मस्जिद के निकट टीनशेड में पान की दुकान व विद्युत पोल है। सोमवार सुबह करीब सात बजे आजमगढ़ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप विद्युत पोल से टकरा गई। इससे पोल टूटकर नीचे गिर गया और पान की दुकान का सामान सड़क पर फैल गया। फिलहाल इस घटना में अन्य कोई हताहत नहीं हुआ। उस समय विद्युत आपूर्ति ठप थी नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह पहले पिकअप को हटवाया, इसके बाद सड़क पर बिखरे सामान को हटाने लगे। इसी दौरान सुबह करीब नौ बजे घने कोहरे के बीच अकबरपुर की तरफ से सीमेंट लेकर एक ट्रक तेज रफ्तार से वहां पहुंचा और अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रक दाहिने तरफ स्थित पान की दुकान में जा घुसा। इससे घटनास्थल पर भागो, बचाओ की चीख-पुकार मच गई।
ट्रक की चपेट में आने से दुकान व टीनशेड आदि बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बसखारी बाजार निवासी शुबरात अली (38) पुत्र सगीर ट्रक की चपेट में आने से बुरी तरह कुचल गया जबकि शमसू (28) पुत्र अब्दुल खुद्दुस, इब्राहिम (17) पुत्र इसराइ, अरमान (12) पुत्र मन्नान व शिवम (15) पुत्र राजकुमार निवासीगण बसखारी बाजार भी घायल हो गए। सभी घायलों को बसखारी सीएचसी में भर्ती कराया गया।
वहां शुबरात को मृत घोषित कर दिया गया जबकि अन्य भर्ती हैं। उधर, घटना से बाजार वासियों में आक्रोश फैल गया। थोड़ी ही देर में सैकड़ों की संख्या में एकजुट बाजार वासियों ने बसखारी-आजमगढ़ मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर बसखारी एसओ राजेश यादव मौके पर पहुंचे और समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
बाद में अपर पुलिस अधीक्षक राममोहन सिंह व सीओ सदर राघवेंद्र मिश्र मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई व सरकारी सहायता सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद लगभग दो घंटे तक चला मार्ग जाम समाप्त हुआ। इससे पहले मौके की नजाकत को देखते हुए आसपास के थानों की भी पुलिस फोर्स मौके पर लगा दी गई थी।