जलालपुर। मालीपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 74 पर बुधवार शाम एक बड़ा हादसा बच गया। लोको पायलट की सूझबूझ से गंगा सतलज एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर लेटे एक शराबी की जान बच गई। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
यह घटना बुधवार को करीब शाम पांच बजे हुई। गाड़ी संख्या 13308 गंगा सतलज एक्सप्रेस गेट नंबर 74 के पास से गुजर रही थी। तभी एक व्यक्ति शराब के नशे में ट्रैक पर लेटा हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत लोको पायलट को हाथ से इशारा किया। लोको पायलट ने स्थिति को भांपते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर उस व्यक्ति को सुरक्षित ट्रैक से बाहर निकाला। स्टेशन मास्टर सुभाष चौहान ने बताया कि यह व्यक्ति एक भट्ठे पर मजदूरी करता है। भट्ठा मालिक को इस घटना की सूचना दे दी गई है। (संवाद)