आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले में तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव ने सोमवार देर शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों का दुख साझा करते दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। तहसीलदार ने घटना की पूरी जानकारी ली और बताया कि पुलिस जांच में जुटी है। गौरतलब है कि 20 दिसंबर को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पास झाड़ियों में छात्रा का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत से पहले चोट लगने की पुष्टि हुई थी।