केदारनगर क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी अलगू की पुत्री विद्या बुधवार सुबह परिवार की महिलाओं के साथ प्रसाधन के लिए घर से बाहर निकली थी। रास्ते में वह टूटे पड़े एक बिजली के तार की चपेट में वह आ गई। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था।
करंट लगने पर विद्या ने शोर मचाया तो साथ की महिलाओं ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कक्षा 11 की छात्रा विद्या की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया।
ग्रामीणों के मुताबिक एक दिन पहले ही ऐनवां विद्युत उपकेन्द्र को तार टूटने की जानकारी दी गई थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इब्राहिमपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबको शांत कराया। इसके बाद पंचनामा कर शव को सरयू के तट पर दफन कर दिया गया।
उधर सैदापुर के कजरी जमालुद्दीनपुर गांव की रीता (30) पत्नी बलिकरन मंगलवार शाम हैंडपंप से पानी भर रही थी। इसी समय गांव के बगल से गुजरी एलटी लाइन का जम्फर निकलकर पास से एचटी लाइन पर गिर पड़ा। शार्ट सर्किट से गांव के अधिकांश लोगों के विद्युत उपकरण जल गए।
बताया जाता है कि जिस हैंडपंप से रीता पानी निकाल रही थी, उससे विद्युत का अर्थ तार लगाया गया था, जिससे हैंडपंप में भी करंट दौड़ गया। इससे वह इसकी चपेट में आ गई। करंट का तेज झटका लगने से वह गिर पड़ी और बेसुध हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना से गांव में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।