खो-खो प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी।-
अंबेडकरनगर। माध्यमिक विद्यालयों की जनपदीय बालक व बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन बृहस्पतिवार को मोहम्मद शफी नेशनल इंटर कॉलेज हंसवर में हुआ। इसमें हंसवर क्षेत्र की टीमों का प्रदर्शन शानदार रहा। वहीं, टांडा व किछौछा क्षेत्र ने भी प्रतियोगिता में अलग-अलग वर्गों में जीत हासिल की।
अंडर-14 बालक व बालिका वर्ग में बेसिक शिक्षा विभाग की टीम विजेता रही। जूनियर बालक वर्ग का पहला सेमीफाइनल मुकाबला किछौछा व हंसवर क्षेत्र के बीच खेला गया, जिसमें हंसवर क्षेत्र ने जीत हासिल की। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला राजेसुल्तानपुर व टांडा क्षेत्र के बीच हुआ, जिसमें टांडा क्षेत्र विजेता रहा। अंडर-17 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला टांडा व हंसवर क्षेत्र के बीच हुआ, जिसे टांडा क्षेत्र ने जीता। अंडर-17 बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला किछौछा व हंसवर क्षेत्र के बीच हुआ, इसे हंसवर क्षेत्र ने जीता। अंडर-19 सीनियर बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला किछौछा व हंसवर क्षेत्र के बीच हुआ, जिसमें हंसवर ने जीत हासिल की।
अंडर-19 सीनियर बालिका वर्ग का पहला फाइनल मुकाबला हंसवर व किछौछा क्षेत्र के बीच हुआ, जो टाई रहा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच मैच खेला गया, जिसे किछौछा ने जीत लिया। जिला क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह ने बताया कि अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग में केवल बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से टीम के प्रतिभाग करने से उसे विजेता घोषित किया गया। इस दौरान प्रमुख रूप से शारीरिक शिक्षक वीरेश कुमार, प्रबुद्ध सिंह, अरुण यादव, सुरेंद्र यादव, विपिन चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।