अंबेडकरनगर। 21वीं राज्यस्तरीय ताइक्वांडो आईटीएफ प्रतियोगिता में भाग लेने जिले से टीम बृहस्पतिवार को सिद्धार्थनगर रवाना हुई।खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए लोगों ने कहा कि हार जीत से ज्यादा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना होगा।
ताइक्वांडो स्पोर्ट्स एकेडमी उत्तरप्रदेश द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में अलग-अलग जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रेमा राधे मेमोरियल एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंधक और प्रसिद्ध खिलाड़ी रविंद्र राजभर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिले के कुल 25 खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता 18 से 20 अक्तूबर तक होगी।
चिकित्सक डाॅ. सरिता गुप्ता, प्रमोद द्विवेदी और प्रदीप सिंह पालीवाल ने युवा फिटनेस हब में आयोजित समारोह में इन खिलाड़ियों को रवाना किया। डाॅ. सरिता ने कहा कि जिले की टीम इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपना और जिले का नाम रोशन करेगी। प्रमोद ने स्वास्थ्य को लेकर युवाओं से जागरूक रहने का आवाह्न किया। प्रदीप ने कहा कि युवाओं को किसी न किसी खेल से जुड़कर खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना चाहिए।
ट्रस्ट सचिव एडवोकेट संध्या राजभर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सक्षम मौर्य, वंशिका गौड़, शगुन, उन्नति श्रीवास्तव, मानसी राजभर, समृद्धि पांडेय, आदिशा सिंह, रीबा फारुकी, नईमा बानो, श्रव्य पांडेय, अर्शिफा खान, काव्य श्रीवास्तव, अरनव सिंह, जय चौरसिया, अभिषेक भारद्वाज, अवनीश कनौजिया, ईशान अली, श्रद्धा वर्मा, नवनीत, अंश सोनकर, अनंत सिंह, शैव्य यादव, माही राजभर आदि भाग लेंगे।