अंबेडकरनगर। शहर के विकास भवन सभागार में सोमवार को ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा हुई। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वर्ष 2016-17 से 2022-23 तक के अपूर्ण आवासों को पूरा कर लिया जाए। रुचि न लेने वाले लाभार्थियों का चिह्नांकन करते हुए आरसी जारी की जाए। प्रगति संतोषजनक न होने के कारण विकास खंड कटेहरी के आवास ऑपरेटर अमन दूबे की सेवा समाप्ति के निर्देश दिए। वहीं, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अपूर्ण आवासों को 15 मार्च तक हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मनरेगा में फील्ड विजिट का रोस्टर तैयार कर प्रस्तुत न करने के कारण विकास खंड भीटी व भियांव के बीडीओ को कारण बताओ नोटिस और एपीओ को कठोर चेतावनी दी गई। फील्ड विजिट न करने वाले बीडीओ व एपी का माह मार्च का वेतन आहरित न करने के निर्देश डीडीओ को दिए। मनरेगा योजना में जिन ग्राम पंचायतों में शून्य सृजित मानव दिवस या विगत तीन माह से सबसे कम मानव दिवस सृजित किया गया है, ऐसे रोजगार सेवकों का चिह्नांकन करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधूरे कार्यों पर जलालपुर के एपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बैठक में पीडी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, डीडीओ सुनील कुमार तिवारी, उपायुक्त मनरेगा विजय अस्थाना समेत अन्य लोग मौजूद रहे।