जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर के गोपरी चांदपुर गांव में शनिवार की रात महिला से लूट की सूचना झूठी निकली। पुलिस जांच में सामने आया कि न कोई लूट हुई, न ही कोई नकाबपोश बदमाश आया। यह पूरा मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद का नतीजा निकला, जिसे झूठी लूट की वारदात बताकर पुलिस को गुमराह किया गया।
शनिवार रात दो बजे गांव निवासी लालमन पाल ने पुलिस को फोन कर बताया कि दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश उसके घर में घुसे और उसकी पत्नी सुमन देवी को बंधक बनाकर घर से गहने और पांच हजार रुपये लूट ले गए हैं। लालमन के मुताबिक वह बाहर सो रहा था। शोर सुनकर जब अंदर पहुंचा, तब तक लुटेरे भाग चुके थे।
पुलिस ने बारीकी से निरीक्षण किया, तो कहानी में कई सुराख नजर आने लगे। दरवाजा अंदर से बंद मिला, न तो किसी तरह की तोड़फोड़ थी, न ही कोई ऐसा साक्ष्य जो बाहरी व्यक्ति के घुसने की पुष्टि करता हो। पड़ोसियों से पूछताछ और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो लालमन पाल टूट गया और स्वीकार कर लिया कि कोई लूट नहीं हुई थी। उसने बताया कि उसका अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा है। उस रात भी झगड़ा हुआ था और गुस्से में आकर उसने झूठी कहानी बनाकर पुलिस को फोन किया।
क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ही मामला संदिग्ध लग रहा था। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।