फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: गोविंद साहब धाम जाने वाली सड़क होगी चौड़ी

विज्ञापन
आलापुर क्षेत्र में अमोला-गोविंद साहब-एनएच-223 मार्ग। संवाद
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। आलापुर के अहिरौली गोविंद साहब स्थित धाम तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों का सफर जल्द आसान होगा। लोक निर्माण विभाग ने अमोला-गोविंद साहब-एनएच-223 मार्ग के 4.45 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। परियोजना पर 10 करोड़ 68 लाख 66 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
विज्ञापन

इसके लिए विभाग की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। सड़क का निर्माण पूरा होने से गोविंद साहब मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।
एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर तैयार इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 की धर्मार्थ योजना में शामिल किया गया है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अश्विनी पांडेय ने बताया कि परियोजना को व्यय-वित्त समिति से अनुमोदन मिल चुका है। शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

गोविंद साहब मेला 19 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। ऐसे में इस वर्ष मेले से पहले सड़क का निर्माण पूरा होना संभव नहीं है। हालांकि, आगामी मेलों में श्रद्धालुओं को बेहतर सड़क का लाभ मिल सकेगा।
45 दिन तक चलता है मेला, कई जिलों से आते हैं श्रद्धालु
गोविंद साहब मेला हर वर्ष नवंबर-दिसंबर में आयोजित होता है। करीब 45 दिनों तक चलने वाले इस मेले में बाबा गोविंद साहब की समाधि पर खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा है। मेले में अंबेडकरनगर के अलावा संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़ और बलिया समेत आसपास के कई जिलों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। सड़क चौड़ी होने से मेले के दौरान वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने और वापस लौटने में भी आसानी होगी।
श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने में होगी सहूलियत
मेला प्रबंधक आशु सिंह ने बताया कि मेले में दूर-दराज के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। सड़क चौड़ी होने से उनके वाहनों की आवाजाही आसान होगी। इससे धाम तक पहुंचने में होने वाली परेशानी कम होगी।
ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों में मिलेगी सुविधा
अमड़ी के ग्राम प्रशासक सुनील यादव के अनुसार, इस मार्ग से आसपास के गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। सड़क बेहतर होने से बाजार जाने और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
खेती-किसानी के कामों में भी मिलेगी मदद
अमड़ी के सचिन कुमार ने कहा कि सड़क का विकास पूरे क्षेत्र के लिए फायदेमंद होगा। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ खेती-किसानी से जुड़े कामों में भी सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन

एक नजर में परियोजना
सड़क की लंबाई : 4.45 किलोमीटर
सड़क निर्माण : 9.55 करोड़ रुपये
बिजली विभाग : 39.30 लाख रुपये
वन विभाग : 51.06 लाख रुपये
यूटिलिटी शिफ्टिंग : 90.36 लाख रुपये
अनुरक्षण : 23.12 लाख रुपये
कुल प्रस्ताव : 10 करोड़ 68 लाख 66 हजार रुपये
योजना : धर्मार्थ योजना 2026-27
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें