आलापुर के रामनगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यक
आलापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। रामनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि जनता समस्याओं से परेशान है और आगामी चुनाव में सरकार के कामकाज का हिसाब लेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के दिन अब लदने वाले हैं और जनता बदलाव के लिए तैयार है।
मीडिया कर्मियों से बातचीत में त्रिभुवन दत्त ने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी, बुनकर, युवा और गरीब वर्ग अपनी-अपनी समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों को उपज का उचित मूल्य, युवाओं को रोजगार और व्यापारियों को बेहतर माहौल की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए।
सपा विधायक ने सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और अधिकारियों-कर्मचारियों की कथित मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी होती है। जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण और प्रशासन की जवाबदेही तय होना जरूरी है।
उन्होंने आलापुर क्षेत्र की सड़क, बिजली, जल निकासी, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। कहा कि जनता को घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम चाहिए। सपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी गांव, गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है। उन्होंने कहा कि जनता को महंगाई से राहत, रोजगार के अवसर और जवाबदेह व्यवस्था चाहिए। विधान सभा चुनाव में जनता अपने मुद्दों और सरकार के कामकाज के आधार पर निर्णय लेगी।