जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में तहसील प्रशासन की ओर से तोड़े गए रामलीला मंच के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आजाद अधिकार सेना पार्टी के नेतृत्व में ग्रामीणों का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। गत सोमवार से शुरू हुए इस धरने में ग्रामीणों की प्रशासन से वार्ता दो बार हो चुकी है, लेकिन कोई ठोस समाधान न निकल पाने से ग्रामीणों ने आंदोलन को जारी रखने का निर्णय लिया।
बुधवार को धरनास्थल पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की कार्रवाई एकतरफा और पूर्वाग्रहपूर्ण थी। उनका कहना है कि हरिहरपुर गांव की सार्वजनिक भूमि पर कई अन्य स्थानों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण मौजूद हैं, लेकिन तहसील प्रशासन ने केवल रामलीला मंच को ही निशाना बनाते हुए उसे तोड़ दिया। लेखपाल दयाशंकर की अगुवाई में यह कार्रवाई दशहरे के समय की गई, जब मंच पर सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन की तैयारियां चल रही थीं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन यदि वास्तव में अतिक्रमण हटाना चाहता है, तो समान रूप से अन्य कब्जों पर भी कार्रवाई करे, अन्यथा तोड़ दिए गए रामलीला मंच का पुनर्निर्माण कराया जाए। बुधवार को कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। धरने में आजाद अधिकार सेना पार्टी के अयोध्या मंडल कोऑर्डिनेटर रजनीश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष मिट्ठू लाल यादव, नरेंद्र पांडेय, मिश्रीलाल चौरसिया, पति राज दुबे, बच्चा राम चौरसिया सहित अन्य उपस्थित रहे। धरने में आजाद अधिकार सेना पार्टी के अयोध्या मंडल कोऑर्डिनेटर रजनीश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष मिट्ठू लाल यादव, नरेंद्र पांडेय, मिश्रीलाल चौरसिया, पति राज दुबे, बच्चा राम चौरसिया सहित अन्य उपस्थित रहे।