शहर के टांडा मार्ग पर बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन्स के निकट बिजली खंभे पर तार को सही करता विद्युत
अंबेडकरनगर। जिलेभर में बिजली की कटौती का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को अकबरपुर शहरी क्षेत्र में बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे। वीआईपी फीडर से संचालित कलेक्ट्रेट, एसपी कार्यालय, रगड़गंज इलाके में दिनभर ट्रिपिंग होती रही। शाम करीब पांच बजे बाधित आपूर्ति एक घंटे बाद छह बजे बहाल हो सकी।
अकबरपुर के साउथ वेस्ट, कुर्की, सदरपुर में भी दिनभर ट्रिपिंग का सिलसिला जारी रहा। बुधवार की रात कोटवा महमदपुर से संचालित 100 गांव की बिजली आपूर्ति रात 12 बजे गुल हो गई। करीब एक घंटे बाद आपूर्ति सुचारू हो सकी। टांडा के सेवागंज और भडंसारी बिजली घर से मौहारी, औसानपुर, सलारपुर, एनवा, महेशपुर, फूलपुर, बनखटा सहित 30 गांव को बिजली आपूर्ति दी जाती है। बुधवार की रात हर एक घंटे बाद बिजली ट्रिप होकर बंद होती रही। इसके चलते ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी में परेशान नजर आए।
यही हाल अकबरपुर के बैरमपुर बरवा बिजली घर पर भी देखने को मिला। इसके चलते मरैला बिजली घर के शहरी इलाके शहजादपुर सहित 70 गांव के उपभोक्ताओं को भी रातभर बिजली कटौती से परेशान नजर आए। रात दो बजे बिजली सुचारू होने पर लोग सो सके। बेवाना उपकेंद्र केरामपुर, सिसवा, विश्व बैंक, बेवाना से जुड़े मानिकपुर, रामपुर, हुसैनपुर सकरवारी, लोहरा बरामदपुर, मोमिनपुर समेत करीब 50 गांव में भी बिजली की आवाजाही से ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला।
अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा रही है। फाॅल्ट होते ही उसे ठीक कराया जा रहा है। कुछ बिजली घरों के ओवरलोड होने के चलते ट्रिपिंग की समस्या बनी है।