अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज के बिड़हर पुलिस चौकी के पास कपड़ा व्यापारियों से 18.40 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को तीन दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य सरगना को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार स्वॉट टीम ने सोमवार की रात आजमगढ़ के अतरौलिया इलाके में मास्टरमाइंड की लोकेशन मिलने पर दबिश दी थी लेकिन वह वहां से भागने में सफल रहा।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद होने वाले स्थान के आसपास के गांवों में भी दबिश दी लेकिन कोई खास कामयाबी हाथ नहीं लगी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को आलापुर के चहोड़ा मकरही में बरामद किया था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस वाहन को बरामद करने वाले स्थान के आसपास के गांव का रहने वाला एक व्यक्ति लूटकांड के मास्टरमाइंड का सहयोगी है।
हंसवर के कई गांवों में भी दबिश दी, लेकिन अभी तक किसी भी महत्वपूर्ण सफलता की सूचना नहीं है। सीओ आलापुर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में टीमें लगी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।