. केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर सर्किट हाउस में उपलिब्धयां बताते प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश
अंबेडकरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को अकबरपुर में प्रेस वार्ता हुई। इसमें पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया।
मंत्री राजभर ने अखिलेश यादव पर पंचायत चुनाव प्रक्रिया बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव की पूरी तैयारी कर ली थी। अखिलेश यादव ने अपने कानूनी सलाहकारों की मदद से हाईकोर्ट में याचिका दायर करवाई। इससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई और सरकार अदालत के फैसले का इंतजार कर रही है। राजभर ने सपा की पूर्व सरकार को कानून-व्यवस्था पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल में करीब एक हजार दंगे हुए थे, जिनमें टांडा भी शामिल रहा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में कहीं भी दंगा नहीं हुआ। मंत्री अनिल राजभर के बयान पर एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने प्रतिक्रिया दी थी। इस पर ओमप्रकाश राजभर ने तीखा बयान दिया। उन्होंने शौकत अली को अनपढ़ और गंवार बताया। राजभर ने कहा कि बिना तथ्यों के बयानबाजी करना उचित नहीं है।
जल्द ही रिपोर्ट सबके सामने आ जाएगी
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यह ट्रस्ट से जुड़ा विषय है। ट्रस्ट की ओर से जांच की मांग की गई है जिस पर एसआईटी का गठन हो गया है। जल्द ही जांच रिपोर्ट सबके समक्ष आ जाएगी।
बेटियों का होना चाहिए सम्मान
सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की बेटी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर राजभर ने कहा कि बहन-बेटियां किसी की भी हों, उनका सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसने भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।