जमुनीपुर/कटेहरी। शिवबाबा क्षेत्र में शनिवार की सुबह सीहमई कारीरात गांव के निकट रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शव दो हिस्से में बट गया था। सोशल मीडिया की मदद से युवक की पहचान अकबरपुर के महाएं जमुनीपुर निवासी दिव्यांशु (23) के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार दिव्यांशु शुक्रवार रात किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गया था। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने सीहमई कारीरात गांव के पास सुनसान स्थान पर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर अपनी जान दे दी। रातभर कई ट्रेनों के गुजरने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना स्थल पर फटा हुआ फोटो और बीयर के केन भी मिले हैं।
परिजनों के अनुसार दिव्यांशु अविवाहित था और पिता हौसिला प्रसाद की करीब दो वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो चुकी थी। बड़ा भाई अलग रहता है जबकि दिव्यांशु अपनी मां के साथ रहकर उनका सहारा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन से कटने से मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)