जलालपुर (अंबेडकरनगर)। पशुओं की तस्करी करने वाले बदमाश अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं। पूछताछ के लिए पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को उठाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इससे लोगों में गहरी नाराजगी है। उनका कहना है कि पशुओं की तस्करी करने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।
जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को शारदा सहायक नहर के पास तीन क्विंटल मांस मिला था। क्षेत्रीय लोगों ने आशंका जताई थी कि तस्करों ने मवेशियों की हत्या कर मांस फेंक दिया था। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चला है कि मांस संरक्षित पशु का है या नहीं। इसके लिए सैंपल को मथुरा लैब जांच के लिए भेजा गया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो पुलिस ने करीब 10 से 15 संदिग्ध लोगों से संरक्षित पशु तस्करी से संबंधित पूछताछ की। इसके बावजूद, पुलिस के हाथ कोई अहम जानकारी नहीं लगी। जिस तरह क्षेत्र में संरक्षित पशुओं की तस्करी हो रही है, उससे पुलिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जांच चल रही है। आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द आरोपी पकड़े जाएंगे।