अंबेडकरनगर। जिला जेल में बंद कैदी की पिटाई से हुई मौत मामले में शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से हुई है। मानवाधिकार जन निगरानी समिति के संयोजक डॉ. लेनिन रघुवंशी ने आयोग में शिकायत भेजकर उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है। शिकायत में कहा गया कि परिजनों का आरोप है कि रामसागर की जेल में बेरहमी से पिटाई की गई।
इसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तय की जाए। इससे पहले मानवाधिकार कार्यकर्ता मनोज सिंह ने जन निगरानी समिति के संयोजक को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। इसके बाद ही उनकी तरफ से आयोग में लिखित शिकायत की गई। आयोग से कहा है कि जिला जेल में इस तरह का कृत्य होना अत्यंत गंभीर मामला है। कैदियों की सुरक्षा ताक पर है। ऐसे में इस प्रकरण में समुचित कार्रवाई की जरूरत है। (संवाद)