अंबेडकरनगर। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मार्ग अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग के नवनिर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग के कायाकल्प के लिए शासन से मांगी गई आकलन रिपोर्ट भेज दी है। अब प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। करीब 16.7 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 68 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
प्रस्ताव के स्वीकृत होने के बाद सड़क का नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा। इससे मार्ग से जुड़े गांवों और क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की संभावना है। अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग शहर के महत्वपूर्ण रास्तों में शामिल है। सड़क की स्थिति को देखते हुए इसके नवनिर्माण की आवश्यकता थी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। शासन स्तर से प्रस्ताव पर आकलन रिपोर्ट मांगी गई थी। विभाग ने आवश्यक रिपोर्ट तैयार कर भेज दी है। अब स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
मार्ग के नवनिर्माण से अकबरपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों का आवागमन सुगम होगा। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग के बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।