जलालपुर। ट्रॉला से कुचल कर हुई मौत के बाद कड़ी सुरक्षा में युवक के शव का अंतिम संस्कार शनिवार देर शाम कर दिया गया। इस दौरान दो थानों की पुलिस टीम के अलावा तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के पट्टी बाजार में शनिवार को सुबह अनियंत्रित ट्रॉला की चपेट में आकर मुरवाह निवासी शनि (23) की मौत हो गई थी। हादसा उस समय हुआ था, जब ट्रॉला तेज रफ्तार से अकबरपुर से जलालपुर की तरफ जा रहा था। इसी बीच चप्पल बनवाने के लिए बाजार गए शनि को ट्रॉला ने रौंद दिया। वह ट्रॉला के नीचे फंस गया। मौरंग लदे ट्रॉला को हटाने के लिए कई जेसीबी का सहारा लेना पड़ा, तब जाकर गंभीर हालत में शनि को निकाला जा सका था। एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचने पर वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन ने चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शाम को ही शव परिवारीजनों को सौंप दिया। परिवारीजन शव का अंतिम संस्कार रविवार को सुबह करना चाहते थे, लेकिन पुलिस प्रशासन दिन में हुए उपद्रव को देखते हुए कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं था। पुलिसकर्मियों ने परिवारीजनों को समझाया और रात में ही अंतिम संस्कार के लिए राजी कर लिया। इसके बाद कोतवाल जलालपुर दुर्गेश मिश्र और सम्मनपुर थाना प्रभारी बृजेश सिंह समेत दोनों थानों की फोर्स की मौजूदगी में कन्नूपुर में तमसा नदी के घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।