अंबेडकरनगर। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण के लिए शासन ने 40 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की है। इससे विभिन्न विभागों की लैब की साज-सज्जा के साथ इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के लिए आधुनिक परीक्षण उपकरण खरीदे जाएंगे। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए 164.67 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा था। फिलहाल इसके सापेक्ष आंशिक धनराशि स्वीकृत हुई है।
स्वीकृत बजट में 22.53 लाख रुपये विभिन्न विभागों की प्रयोगशालाओं की साज-सज्जा और उपकरणों पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, 17.47 लाख रुपये इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग को दिए गए हैं। इससे डिजाइन टेस्ट एनालाइजर, डीसी टेस्ट किट और ट्रांसफॉर्मर ऑयल की जांच से जुड़े उपकरण खरीदे जाएंगे। प्रस्ताव में विघटित गैस विश्लेषक यंत्र और बीओडी टेस्ट किट भी शामिल हैं।
इन उपकरणों से विद्यार्थियों को विद्युत उपकरणों की जांच और रखरखाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा। शासन ने 12 नवंबर को इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। स्वीकृत धनराशि का उपयोग वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 मार्च 2027 तक करना होगा।
उपकरणों की खरीद से पहले वित्त समिति, प्रशासकीय परिषद और केंद्रीय क्रय समिति की मंजूरी लेनी होगी। खरीद में वित्तीय नियमों और जेम पोर्टल की प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा। खर्च के बाद निदेशक को उपयोगिता प्रमाणपत्र शासन को उपलब्ध कराना होगा।
कॉलेज के निदेशक प्रो. धनंजय सिंह ने बताया कि आधुनिक उपकरणों से प्रयोगात्मक प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होगी। इससे विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल विकसित करने और उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिलेगी।