अकबरपुर कोतवाली में महिला अपराध के आरोपी कुलदीप कुमार के साथ केक काटते प्रभारी निरीक्षक संतोष स
अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली में एक युवक का जन्मदिन मनाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। तस्वीर में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह वर्दी में युवक कुलदीप कुमार निवासी खैझरा अकबरपुर के साथ केक काटते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2020 के एक मामले में युवक कुलदीप पर किशोरी को घर से जबरन ले जाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया था। विरोध करने पर परिजनों से मारपीट की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। वहीं वर्ष 2024 के एक अन्य मामले में दिव्यांग युवती का रास्ते में हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करने का आरोप लगा था। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी थी।
इन दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि इंस्पेक्टर संतोष सिंह के अनुसार वर्ष 2020 के मामले में कुलदीप और वादी के मध्य सुलह-समझौता हो चुका है। वहीं, वर्ष 2024 के मामले में फाइनल रिपोर्ट लग चुकी है। वर्तमान में कुलदीप के खिलाफ कोई मामला लंबित नहीं है। एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।