जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र में शुक्रवार को निजी अस्पताल पर सीएमओ के आदेश पर अस्पताल की जांच करने गई टीम कार्रवाई अधूरी छोड़कर बैरंग लौट आई। घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से इस अस्पताल के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं।सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने अस्पताल की जांच के आलापुर नायब तहसीलदार हुबलाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीके चौधरी, उप निरीक्षक विजय यादव और हेड कांस्टेबल प्रेमप्रकाश सिंह की टीम भेजी थी। टीम ने दस्तावेजों व व्यवस्थाओं की जांच शुरू की। टीम जैसे ही खामियों के आधार पर कार्रवाई की ओर बढ़ी, अचानक एक फोन कॉल ने पूरा परिदृश्य बदल दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कार्रवाई रोक दी और कुछ ही देर बाद पूरी टीम अस्पताल से वापस लौट गई।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीके चौधरी का कहना है कि अस्पताल में अभिलेखों और व्यवस्थाओं की जांच की गई है, जिसकी रिपोर्ट सीएमओ को भेजी जाएगी। वहीं, सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि दो माह पूर्व शिकायत आई थी, लेकिन इसी बीच अस्पताल प्रबंधन ने पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर ली है। जांच के दौरान स्थिति सामान्य पाई गई। संवाद