अंबेडकरनगर। मौसम में अचानक हुए परिवर्तन के बीच सोमवार को जिले के कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरे, तो कहीं पेड़ धराशायी हो गए। हालांकि ज्यादातर क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। जिन क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरे वहां मेंथा व सब्जी किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि इससे फसल को नुकसान हुआ है।
जिले में रविवार से ही मौसम का रुख बदल रहा है। पहले दिन तेज बारिश तो नहीं हुई थी लेकिन गर्मी से राहत मिली थी। इस बीच दूसरे दिन सोमवार को बेवाना व जलालपुर आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। अचानक ओले पड़ने से लोगों के साथ-साथ जानवर भी बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों की तरफ भागने लगे। ओले के कारण सब्जी व मेंथा किसानों की चिंता बढ़ गई है। बेवाना के किसान गंगाराम व गनपति ने कहा कि जिन पत्तों पर ओले गिरे हैं वह कट गए। इससे उपज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
जलालपुर के किसान राजितराम व रामबदन ने कहा कि यदि सिर्फ बारिश होती तो इससे मेंथा व सब्जी फसल को लाभ मिलता लेकिन ओला गिरने से नुकसान हो रहा है। यदि इसी प्रकार से आगे भी ओले गिरे तो इससे इन दोनों फसलों को बड़ा नुकसान होगा। इसके अलावा भीटी, महरुआ, अकबरपुर के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। इससे मौसम खुशगवार हो गया।