इस तरह पहले दिन कुल 554 लोगों ने परचे दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए प्रशासन ने कड़े प्रबंध कर रखे थे। प्रवेश द्वारा से लेकर नामांकन स्थल तक जगह जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
पंचायत चुनाव के जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए दूसरे चरण में कटेहरी व भीटी विकास खंड में चुनाव होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को प्रारंभ हो गई। एक व तीन अक्तूबर को होने वाली नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन सुबह से ही तमाम प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने के लिए पहुंचे।
जिला पंचायद सदस्य पद के लिए नामांकन का कार्य कलक्ट्रेट स्थित अपर न्यायालय कक्ष संख्या 31 में हुआ। नामांकन का कार्य सुबह 8 बजे से प्रारंभ होना था, लेकिन कई प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ समय से काफी पहले ही कलक्ट्रेट के निकट पहुंच गए। प्रत्येक प्रत्याशी के साथ एक प्रस्तावक को ही अंदर प्रवेश करने दिया जा रहा था।
पहले दिन जिला पंचायत सदस्य पद के आठ लिए कुल 64 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसमें कटेहरी विकास खंड के 4 पदों के लिए 29 व भीटी विकास खंड के 4 पदों के लिए 35 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
उधर क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के नामांकन के लिए संबंधित विकास खंड कार्यालयों पर भी सुबह से ही भारी गहमागहमी रही। कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार पहले दिन 87 पद के सापेक्ष कुल 143 ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भीटी प्रतिनिधि के अनुसार 108 के सापेक्ष कुल 343 ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।
दूसरे चरण के मतदान के लिए गुरुवार को जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए हुई नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। जिला पंचायत सदस्य के लिए कलक्ट्रेट में हुए नामांकन के दौरान प्रवेश द्वार से लेकर नामांकन कक्ष तक जगह जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी।
नामांकन के लिए प्रत्याशियों को अपने साथ मात्र एक प्रस्तावक लेकर ही अंदर ले जाने का निर्देश है। सभी प्रत्याशियों को जिला अस्पताल के समक्ष कलक्ट्रेट के गेट से प्रवेश दिया गया, जबकि उनकी निकासी डा. अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष कलक्ट्रेट के गेट से की जा रही थी। सीओ सिटी अतुल श्रीवास्तव ने यहां सुरक्षा की कमान संभाल रखी थी।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव के मुताबिक भीटी प्रथम से गिरजाशंकर सिंह व भीटी द्वितीय से विष्णुदत्त दुबे ने नामांकन पत्र दाखिल किया। भीटी तृतीय से अमरजीत वर्मा, भीटी चतुर्थ से रीता देवी, कटेहरी प्रथम से रामउजागर अग्रहरि, कटेहरी द्वितीय से रामकेवल वर्मा, कटेहरी तृतीय से सतीश भारती, कटेहरी चतुर्थ से सरोजा शुक्ला तीन अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
बसपा नेता व पूर्व मंत्री लालजी वर्मा के प्रतिनिधि रामअचल गौतम ने बताया कि भीटी प्रथम से आनंद सिंह व भीटी चतुर्थ से रामधीरज शुक्ल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। भीटी द्वितीय से सियाराम पटेल, तृतीय से रामनरेश निषाद, कटेहरी प्रथम से शोभावती वर्मा, द्वितीय से जगदीश राजभर, तृतीय से राकेश खरवार व चतुर्थ से विमला निषाद तीन अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
कांग्रेस प्रदेश सचिव मोहम्मद अनीस खां व मीडिया प्रभारी डॉ विजयशंकर तिवारी की अगुवाई में कटेहरी चतुर्थ से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी निशात फातिमा ने नामांकन पत्र दाखिल किया।