साधन सहकारी समिति मखदूमनगर समिति से खाद ले जाता किसान
अंबेडकरनगर। खाद की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। भोर से ही समितियों के सामने महिलाओं के साथ किसान खाद लेने पहुंच रहे हैं। शनिवार को टांडा ब्लॉक सहकारी समिति पर खाद लेने पहुंच रहे किसान खाद न होने से मायूस होकर वापस लौट रहे हैं।
किसान आधार कार्ड देकर खाद ले रहे थे। अकबरपुर सहकारी क्रय विक्रय समिति पर खाद नहीं थी। यहां यूरिया की आस में आने वाले किसान वापस लौट रहे थे। कई किसान 10-15 किमी दूर से खाद लेने की आस में पहुंचे थे, लेकिन खाद नहीं मिली। जलालपुर के साधन सहकारी समिति बड़ागांव खाद किसान को दी जा रही थी। साधन सहकारी समिति अरई में 20 बोरी मौजूद मिली। सहकारी समिति जलालपुर में खाद लेने उपलब्ध न होने की बात बताई गई। एआर कोऑपरेटिव राघवेंद्र प्रताप शुक्ल का कहना है कि 62 समितियों पर 1350 एमटी खाद भेजी जा रही है। समितियों पर खाद की कमी होने पर गोदाम से उपलब्धता कराई जाएगी। खाद की कोई कमी नहीं है।
अकबरपुर सहकारी क्रय विक्रय समिति पर सुबह 1045 बजे केदारनगर निवासी किसान चंद्रभान यूरिया लेने पहुंचे थे। अंदर जाने पर उनको खाद न होने की बताकर वापस लौटा दिया गया। उन्होंने बताया कि 15 किमी दूर से खाद लेने की आस में समिति पर आया था, लेकिन खाद न मिलने के बाद वापस लौटना पड़ रहा है। केदारनगर के अलावा जमुनीपुर में भी खाद की उपलब्धता नहीं है।
साधन सहकारी समिति पर कशेरूआ निवासी किसान बच्चाराम यूरिया लेने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि पिछले 10 दिनों से खाद की आस में समिति पर आ रहा हूं, कभी लंबी कतार के बाद नंबर आने पर खाद समाप्त हो जाती है, तो कभी समिति पर खाद की उपलब्धता न होने से वापस लौटना पड़ता है।