अंबेडकरनगर। मौसम में बदलाव के साथ कोहरे और धुंध का असर अब रेल यातायात पर भी दिखने लगा है। सोमवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं। ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
सोमवार को फरक्का एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं, दून एक्सप्रेस 30 मिनट, साबरमती एक्सप्रेस 50 मिनट और इंदौर एक्सप्रेस 40 मिनट विलंब से पहुंची। इसके अलावा कैफियात एक्सप्रेस भी करीब 20 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंची। ट्रेनों के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने से यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। कई यात्री स्टेशन पर ट्रेन आने का इंतजार करते रहे।
अकबरपुर के लोरपुर निवासी संजय अपने परिवार के साथ दिवाली का पर्व मनाने घर आए थे। सोमवार को वह दिल्ली जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। वहीं, टांडा के पैकोलिया गांव निवासी विकास भी लखनऊ जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ट्रेनों के समय से न आने के कारण काफी समय से इंतजार करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि इस समय कुछ ट्रेनें देरी से आ रही हैं। यात्रियों को ट्रेनों के देरी होने की सूचना समय से दी जाती है।