सुल्तानपुर। इस बार पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में नकल रोकने की तैयारी हाईटेक हो चुकी है। पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद ली जा रही है, जो सीसीटीवी के माध्यम से अभ्यर्थियों की हर गतिविधि पर नजर रखेगा। संदिग्ध फोटो की जांच कर गड़बड़ी की पुष्टि होने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
12 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा में जिले के 9792 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। वहां से एक अधिकारी की निगरानी में हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 22 सेक्टर व 22 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की है। केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को विशेष गाइडलाइन का प्रशिक्षण भी दिया गया है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल ने बताया कि आयोग की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा में पारदर्शिता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
ऐसे होगी सुरक्षा
दो स्तर पर अभ्यर्थियों की जांच
गेट पर तलाशी और कक्ष में भी जांच
बायोमीट्रिक पहचान अनिवार्य
एआई हर फोटो की करेगा विश्लेषण
हर केंद्र पर पुलिस बल तैनात
एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी
डीएम व एसपी करेंगे सतत निरीक्षण