अंबेडकरनगर। शादी वाले घर में विदाई लेने पहुंचे किन्नरों से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच लोगों पर केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। बेवाना के बहलोपुर की किन्नर कामिनी अपनी साथी किन्नर मिष्ठी, नायरा, सौम्या के साथ ज्ञानपुर गांव मेंं एक शादी में विदाई लेने शनिवार की सुबह आठ बजे गई थीं।
नाच गाने के बाद 5100 रुपये विदाई देने की बात दुल्हे के परिजनों से कही। इस पर दुल्हन के घर के कुछ लोग आक्रोशित हो गए। 2100 रुपये लेकर जाने की बात कही। इसी बात को लेकर किन्नरों और घरातियों में बहस शुरू हो गई। इसके बाद घराती नीरज और राहुल ने किन्नर कामिनी को पीट पीटकर लहुलुहान कर दिया। दिए गए रुपये भी छीन लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कामिनी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि दो नामजद समेत चार अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है। (संवाद)