अंबेडकरनगर। नगर निकायों में मानसून से पहले नालों की गंदगी से पटी खबरों को संवाद न्यूज एजेंसी ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। डीएम ने इसको गंभीरता लेते हुए अब निकायों की ओर से दी गई आख्या पर अधिकारियों को जांच के लिए नामित किया है। इसमें दो दिनों के अंदर जांच कर रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिए हैं।
डीएम ने अकबरपुर नगरपालिका में 35 नालों की सफाई करने का दावा किया गया था, जबकि अभी कई नालों में गंदगी भरी हुई है। इसी तरीके से अन्य निकायों की ओर से क्षेत्र के नालों की सफाई पूरी हो चुकी होने की आख्या रिपोर्ट दी थी। जिस पर रविवार को डीएम ईशा प्रिया ने अधिकारियों को उसकी वास्तविकता जांचने के लिए लगाया है। इसके तहत सभी अधिकारियों को पांच-पांच नालों की जांच करनी होगी। सोमवार से अधिशासी अभियंता जल (ग्रामीण) कमला शंकर, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत जितेंद्र तोमर, सहायक श्रमायुक्त संतलाल, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन श्रवण त्रिपाठी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सतेंद्र यादव, जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय, जिला प्रबंधक पीसीएफ, जिला आबकारी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका के नालों की सफाई की जांच करेंगे।
इसके अलावा टांडा नगर पालिका में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, अधिशासी अभियंता विद्युत टांडा, सहायक महानिरीक्षक निबंधक करेंगे। जलालपुर नगरपालिका में जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी करेंगे। वहीं जिला गन्ना अधिकारी , पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी अशरफपुर किछौछा व जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जहांगीरगंज नगर पंचायत में नालों की सफाई व्यवस्था को देखेंगे। इसके साथ ही जिला भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एसके सिंह राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत की जांच करेंगे।