अंबेडकरनगर। ओवरलोडिंग और जर्जर बुनियादी ढांचे के कारण बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। बिजली विभाग ने अपने महत्वाकांक्षी बिजनेस प्लान के तहत बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इस योजना के तहत नए बिजली उपकेंद्रों के निर्माण, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और मौजूदा बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है।
विभाग द्वारा उपकेंद्र निर्माण के लिए जमीन की तलाश भी पूरी कर ली गई है, जिससे अब जिले की लगभग एक लाख आबादी को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। जिले की 20 लाख से अधिक आबादी को 42 उपकेंद्रों के माध्यम से चार लाख 40 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दी जाती है। बिजनेस प्लान के तहत अकबरपुर के शहजादपुर में चार करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से एक नए बिजली घर का निर्माण किया जाएगा। इसके पूर्ण होने से मरैला बिजली घर पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार में कमी आएगी और शहजादपुर व आसपास के क्षेत्रों को ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिल जाएगी।
55 ट्रांसफार्मरों की बढ़ेगी क्षमता, नए भी लगेंगे
चार करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये की लागत से जिलेभर में ओवरलोड चल रहे 55 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके तहत सिकंदरपुर में 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को 63 केवीए, मालीपुर के रामपुर चौराहे पर भी 25 केवीए को 63 केवीए किया जाएगा। वाजिदपुर दूरसंचार विभाग के पास लगे 25 केवीए ट्रांसफार्मर को भी 63 केवीए में बदला जाएगा। इन 55 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि से बड़ी आबादी को लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इसके अतिरिक्त तीन करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से विभिन्न क्षमता के 28 नए ट्रांसफार्मर भी स्थापित किए जाएंगे।
सुरक्षा जाली और लाइन मरम्मत का कराया जाएगा कार्य
अकबरपुर, टांडा, जलालपुर और आलापुर जैसे क्षेत्रों में, जहां बिजली के तारों के नीचे सुरक्षा जाली नहीं लगी है, ऐसे 25 बिजली खंभों के नीचे पांच लाख रुपये की लागत से सुरक्षा जाली लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि बिजली का तार टूट भी जाए, तो वह सुरक्षा जाली में गिरे और किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके। आलापुर में ढाई लाख रुपये की लागत से 33 केवी की जर्जर बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य भी कराया जाएगा।
बेहतर होगी बिजली आपूर्ति
बिजनेस प्लान के तहत बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के कार्य युद्धस्तर पर कराए जाएंगे। शासन से धनराशि प्राप्त हो गई है और टेंडर की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जल्द ही बिजली सुधार के कार्य शुरू कर दिए जाएंगे, जिसमें नए बिजली घर का निर्माण, पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और नए ट्रांसफार्मर लगाना शामिल है।
- रजनीश कुमार श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता