अकबरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर मौजूद कांवड़िया।-संवाद
अंबेडकरनगर। सावन के दूसरे सप्ताह में अकबरपुर स्टेशन पर शिवभक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अचानक बढ़ गया है, जिससे सभी सीटें पूरी तरह भर गई हैं।
आरक्षित डिब्बों में क्षमता से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। वहीं, सामान्य डिब्बों में यात्रियों का चढ़ना भी बेहद मुश्किल हो गया है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवड़िये देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम जा रहे हैं। फरक्का एक्सप्रेस और दून एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव बढ़ा है। हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। स्टेशन से प्रतिदिन एक ट्रेन हरिद्वार की ओर जाती है।
दोस्तपुर निवासी जयराम अपने पांच साथियों के साथ फरक्का एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे बाबा बैजनाथ मंदिर में जल चढ़ाने देवघर जा रहे हैं। जयराम ने रेलवे द्वारा अतिरिक्त इंतजाम न होने पर चिंता व्यक्त की। सामान्य डिब्बों में यात्रियों को चढ़ने और खड़े होने की जगह मिलना भी कठिन है। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सावन में कांवड़ यात्रियों के कारण ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक है।