अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में अब चिकित्सकों का संकट नहीं उत्पन्न होगा। बुधवार को जिला अस्पताल में डीएम अविनाश सिंह ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा पर तैनात तीन इमरजेंसी मेडिकल अफसर को नियुक्ति पत्र सौंपा। इसके साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में टीबी मरीजों के उपचार के लिए एक और चिकित्सक की तैनाती की गई है।
जिला अस्पताल में अब तक सिर्फ एक इमरजेंसी मेडिकल अफसर की तैनाती थी। ऐसे में जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवा को सुचारु रखने के लिए जिला अस्पताल के अन्य चिकित्सकों की मदद लेनी पड़ती थी। इससे ओपीडी के साथ ही टेली मेडिसिन सेवा प्रभावित होती थी। यह समस्या अब जिला अस्पताल में नहीं होगी। बुधवार को डीएम के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय व जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने ईएमओ डॉ. विवेक पटेल, डॉ. सुरेंद्र कुमार व डॉ. आदित्य कुमार मिश्र को नियुक्ति पत्र सौंपा। अब यह चिकित्सक नियमित रूप से जिला अस्पताल की इमरजेंसी चिकित्सा सेवा में अपना योगदान देंगे। इससे जिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाएं सुचारु रूप से चलेंगी। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों व घायलों को पहले से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इतना ही नहीं अब राजकीय मेडिकल कॉलेज में टीबी मरीजों के उपचार के लिए एक और चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। डॉ. अबुसाद को भी डीएम ने नियुक्ति पत्र सौंपा और मरीजों के बेहतर इलाज का सुझाव दिया। कहा कि चिकित्सकों पर मरीजों के उपचार की अहम जिम्मेदारी होती है। ऐसे में उन्हें अपनी ड्यूटी ईमानदारी से करनी चाहिए।