अंबेडकरनगर। सर्दी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल के साथ-साथ सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ओपीडी में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।
तापमान गिरने के साथ ही जुकाम, खांसी, बुखार और मौसमी संक्रमण के मरीज तेजी से बढ़े हैं। सुबह और रात के समय बढ़ती ठंड का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भियांव सेमरा में इन दिनों 30 से 40 प्रतिशत मरीज संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। पहले जहां प्रतिदिन 50 से 55 मरीज इलाज के लिए आते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 90 से 100 तक पहुंच गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी-जुकाम से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक देखी जा रही है। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। शुक्रवार को भी ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या काफी रही। सीएचसी भियांव के फिजिशियन डॉ. अंकित कुमार यादव ने बताया कि इस समय सांस से संबंधित परेशानी, सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। कई मरीज सिरदर्द और गले में खराश की शिकायत लेकर भी पहुंच रहे हैं। ओपीडी में बढ़ती भीड़ के कारण चिकित्सा कर्मियों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है।