विधानसभा चुनाव में 27 फरवरी को चार विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान को शांतिपूर्वक निपटाने के लिए रविवार को 1375 कर्मचारियों को द्वितीय चरण का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। एक कर्मचारी अनुपस्थित रहा, जिसके विरुद्ध केस दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
27 फरवरी को अकबरपुर, जलालपुर, कटेहरी व टांडा में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदान होना है। इसके लिए प्रशासन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। मतदान प्रक्रिया में लगे पीठासीन, प्रथम, द्वितीय व तृतीय अधिकारियों को द्वितीय चरण का विशेष प्रशिक्षण दिए जाने का कार्य रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
344 टीमों के 1376 कर्मचारियों को प्रशिक्षण में भाग लेना था, लेकिन एक कर्मचारी बिना किसी जानकारी के अनुपस्थित रहा। इस पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। डीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में चल रहे प्रशिक्षण में उप कृषि निदेशक विनोद कुमार ने चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों की जानकारी दी।
कहा कि मतदान से एक दिन पहले सभी टीमें बूथों पर पहुंचकर तैयारियां रात में ही पूरी कर लें। ईवीएम ऐसे स्थान पर रखें, जहां समुचित प्रकाश की व्यवस्था हो। उप कृषि निदेशक ने कहा कि ईवीएम के संचालन की शुरुआत सभी प्रत्याशियों के एजेंट की उपस्थिति में की जाए।
मतदान के दौरान ईवीएम के संचालन में किसी प्रकार की समस्या हो या फिर कोई किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करे, तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें। डीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्र ने बताया कि प्रशिक्षण में एक चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित था। इस पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।