अंबेडकरनगर के आलापुर थाने में गुरुवार को शिकायत दर्ज कराने पहुंचे ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
सरयू नदी से डॉ. अंबेडकर की मूर्ति बरामद होने के मामले में केस दर्ज करने की मांग को लेकर शाहपुर औरांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को आलापुर थाने का घेराव कर घंटों हंगामा किया। वे मामले में केस दर्ज करने व कार्रवाई की मांग कर रहे थे। बाद में एक पूर्व ग्राम प्रधान व दो अन्य के विरुद्ध केस दर्ज होने पर मामला शांत हो सका।
गौरतलब है कि बीते दिन चहोड़ा घाट के निकट कुछ मछुआरों ने सरयू नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया तो उन्हें एक अंबेडकर मूर्ति मिली थी। जानकारी के बाद पूर्व सांसद त्रिभुवनदत्त व अन्य लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करने को कहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को अभिरक्षा में ले लिया था।
इस बीच गुरुवार को शाहपुर औरांव गांव के लोग बड़ी तादाद में आलापुर थाने पहुंच गए। उनका कहना था कि पूर्व में गांव के एक भूखंड पर डॉ. अंबेडकर की मूर्ति लगी थी। उसे कुछ लोगों ने हटा दिया था। इसकी शिकायत के बाद बीते दिनों जांच कराई गई तो मूर्ति नदारद मिली।
ग्रामीणों ने एक पूर्व ग्राम प्रधान पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके द्वारा ही यह सब कराया गया है। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस जांच में मूर्ति मौके पर न मिले, इसलिए ही मूर्ति को गांव से हटाकर नदी में फेंकवा दिया गया। ऐसे में संबंधित पूर्व ग्राम प्रधान व अन्य के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों की भारी तादाद को देखते हुए दो अन्य थानों की फोर्स भी मौके पर बुलानी पड़ी। बाद में पूर्व प्रधान घनश्याम यादव के अलावा उनके एक भाई व भतीजे के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। इससे पहले मौके पर एसडीएम आलापुर व सीओ को भी पहुंचना पड़ा। केस दर्ज होने के बाद ही ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ।