अंबेडकरनगर। जिले में कुष्ठ रोगियों की तलाश के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत 30 जनवरी से 13 फरवरी तक जिले की ग्राम पंचायतों में कुष्ठ रोगी खोजे जाएंगे। कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण मिलने पर मरीजों को चिह्नित कर विशेष परीक्षण के बाद उपचार शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर कुष्ठ रोग के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। इन रोगियों की तलाश के लिए 30 जनवरी से जागरूकता अभियान शुरू होगा। इन 15 दिनों में ब्लॉकवार सभी ग्राम पंचायतों में बैठक होगी। स्वास्थ्य टीमें ग्रामीणों को कुष्ठ रोग के लक्षण और पहचान के उपाय बताने के साथ ही संभावित रोगियों की पहचान करेंगी। जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. आशुतोष सिंह ने बताया कि इस अभियान के लिए टीमों के गठन की प्रक्रिया चल रही है।