लूट की झूठी कहानी गढ़ने वाले गिरफ्तार आरोपी रोहित शर्मा व साथी साहित्य कुमार तिवारी।
अंबेडकरनगर। बसखारी के पटना मुबारकपुर के पास शनिवार दिनदहाड़े सराफा कारोबारी रोहित शर्मा से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण लूट की घटना झूठी निकली।
कर्ज में डूबे सराफा कारोबारी ने अपने साथी के साथ मिलकर 10 लाख रुपये के आभूषण हड़पने के लिए लूट की कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने रोहित व उसके दोस्त साहित्य कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया और इनके पास से 73.24 ग्राम सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए। पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार ने बताया कि आलापुर के विमावल निवासी रोहित शर्मा की रामनगर बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। वह बसखारी बाजार के कारोबारी मनोज सोनी से उधार गहने लेकर बेचने के बाद रुपये अदा करता था। बीते माह उसने अपने भाई की शादी की थी। इसके अलावा अन्य तरीके से लोगों से कर्जा ले रखा था।
कर्ज चुकाने के लिए उसने आलापुर के लाडिलापुर निवासी साहित्य कुमार तिवारी उर्फ राजन तिवारी के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी तैयार की। सुनियोजित तरीके से चार मार्च को रोहित सुबह मनोज सोनी की दुकान पर पहुंचा। वहां 10 लाख रुपये के आभूषण उधार लिए और बाइक की डिकी में रखकर आलापुर के लिए रवाना हो गया।
बसखारी के पटना मुबारकपुर में दोपहर 12 बजे उसने अपने दोस्त साहित्य कुमार तिवारी को बुलाकर सारे आभूषण दे दिए थे। इसके बाद अपने साथ लूट की झूठी सूचना अपने चाचा के साथ ही मनोज सोनी को दी। पूछताछ में रोहित ने काली बाइक पर आए दो बदमाशों द्वारा 10 लाख रुपये के जेवरात लूटने की कहानी बताई। पुलिस ने संदेह के आधार पर वारदात वाले मार्ग पर कई सीसीटीवी की फुटेज जांच की।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि कर्ज चुकाने के लिए आभूषण बेचने को यह कहानी रची थी। पुलिस ने साहित्य कुमार तिवारी के पास छिपाए गए 73.24 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर लिए और इनकी तस्दीक भी कराई।
रोहित पर पूर्व में आलापुर थाने में मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि बाइक की भी जानकारी जुटाई जा रही है।