राजेसुल्तानपुर के तेन्दुवाईकला में छात्रा की मौत के बाद रोते बिलखते परिवारीजन।
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। 14 दिसंबर को लापता हुई इंटरमीडिएट की छात्रा का शव सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में उतराता मिला। थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर के तेंदुआईकला में शव मिलने की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले में छानबीन शुरू कर दी।
गांव निवासी संतराम यादव सोमवार सुबह जब गांव के बाहर स्थित तालाब की तरफ गया तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गया। तालाब में एक युवती का शव उतरा रहा था। निकट जाकर देखा तो वह उसकी पुत्री अंतिका (18) का शव था, जो दो दिन पहले 14 दिसंबर को घर से अचानक लापता हो गई थी।
आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। जानकारी होते ही राजेसुल्तानपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा की नाक से खून निकला हुआ था, जबकि दाहिने हाथ में खरोंच थी। प्रभारी एसओ अमरनाथ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।
अचानक घर से हुई थी लापता
14 दिसंबर की सुबह संतराम अपनी पत्नी उर्मिला के साथ वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आजमगढ़ गए थे। उस समय घर में उनकी पुत्री अंतिका ही थी। वह इंटरमीडिएट की छात्रा थी। पिता के अनुसार जब इसी दिन शाम में वे सब वापस आए तो अंतिका घर पर नहीं थी। उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार को उसका शव घर से लगभग तीन सौ मीटर दूर स्थित तालाब में उतराता मिला। वह वहां कैसे पहुंची, इसकी जानकारी नहीं है।