अंबेडकरनगर। गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद युवक का शव मंगलवार को थाना क्षेत्र कटका के निमटनी गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में नम आखों के बीच चहोड़ा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
निमटनी गांव निवासी नरेंद्र गौड़ (30) गाजियाबाद में पीओपी का काम करता था। दो वर्ष पहले ही उसका विवाह हुआ था। पत्नी अर्चना निमटनी में ही रहती थी। वह गर्भवती है। 15 दिसंबर को रोज की तरह अर्चना अपने पति को फोन कर रही थी। दो-तीन बार फोन करने के बाद भी जब उसका फोन नहीं रिसीव हुआ तो उसे चिंता सताने लगी। कुछ देर बाद उसने फिर से फोन किया तो दूसरी तरफ से जो जानकारी उसे दी गई, उसे सुनकर वह चीख पड़ी। एक पल में ही उसकी मांग का सिंदूर उजड़ गया। दरअसल फोन उठाने वाला उसका पति नहीं, बल्कि गाजीपुर पुलिस थी।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि नरेंद्र की मौत हो गई है। उसका शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला है। उसका दाहिना हाथ कटा है, जबकि शरीर पर कुछ चोट के निशान भी हैं। इस पर गांव से मृतक के भाई नागेंद्र व अन्य गाजियाबाद पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार सुबह शव लेकर गांव आ गए। बाद में चहोड़ा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे के बाद से ही पत्नी अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े भाई नागेंद्र ने बताया कि एक दो दिन में गाजियाबाद जाकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्रवाई पर ध्यान दिया जाएगा।