अंबेडकरनगर।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार क्षेत्र की मतदाता सूचियों की अशुद्धियों को दुरुस्त करने तथा इनके नवीनीकरण के लिए 10 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें। उक्त बातें कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक के दौरान एसडीएम रोशनी यादव ने अधिकारियों से कहीं।
उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन किया जाएगा। 29 अक्टूबर से 29 नवंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 24 दिसंबर 2024 को किया जाएगा। निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन का छह जनवरी 2025 निर्धारित की गई है।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ स्तरीय एजेंट की नियुक्ति की जानी है। मतदेय स्थलवार नियुक्त किए गए बूथ स्तरीय एजेंट के नाम व मोबाइल नंबर की सूची पूर्व में उपलब्ध कराए गए निर्धारित प्रारूप पर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय या संबंधित उप जिलाधिकारी/ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय को 29 अक्टूबर से पहले उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर भौतिक सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है। 26 अगस्त तक 43.51 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है। एसडीएम ने उपस्थित बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसे पात्र मतदाता जिनकी आयु एक अक्टूबर 2024 को 18 वर्ष पूरी हो रही है। उन्हें चिह्नित कर फॉर्म 6 भरवाएं। निर्वाचक नामावली में नाम, पिता का नाम, लिंग, जन्म तिथि या फोटो गलत होने पर मतदाताओं से फॉर्म 8 भरवाएं। इस दौरान संबंधित अधिकारी, बीएलओ समेत अन्य लोग मौजूद रहे।