अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त तीन लाख 86 हजार से ज्यादा किसानों के खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए किसानों का ब्योरा सत्यापित कर दिया गया है। इसमें फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता बाधा नहीं बनेगी।
पीएम किसान सम्मान निधि की 18वीं किश्त 367827 किसानों को गई थी। इनकी फार्मर रजिस्ट्री प्राथमिकता पर कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन करीब डेढ़ माह बीतने के बाद भी अब तक 145040 ही पंजीकरण किए जा सके हैं। कई जनसुविधा केंद्रों पर सर्वर ठीक न चलने के कारण निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति नहीं हो पा रही है। इसको देखते हुए सुबह व रात में जनसुविधा केंद्र भी खोले जा रहे हैं। किसानों से जनसुविधा केंद्र पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील भी की जा रही है। आने वाले एक-दो दिनों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त किसानों के खाते में भेजी जानी है। इसके लिए जिले के 3,86,500 किसानों का डेटा सत्यापित किया गया है।
बताया जा रहा है कि फार्मर रजिस्ट्री के बिना भी खाते में सम्मान निधि भेजी जाएगी, लेकिन 20वीं किस्त के लिए अनिवार्यता रखी जाएगी, ताकि किसानों को पर्याप्त समय मिल सके। उपकृषि निदेशक डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि अभी तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन एक दो दिनों में सम्मान निधि भेजी जाएगी। इसके लिए किसानों का डेटा सत्यापित कर पोर्टल पर भेज दिया गया है।