जमुनीपुर (अंबेडकरनगर)। अकबरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बायोकेमिस्ट्री मशीन खराब होने के कारण पिछले तीन दिनों से मरीजों की जांचें ठप रहीं। मशीन में तकनीकी खराबी आने से विशेष रूप से किडनी और लिवर फंक्शन टेस्ट नहीं हो पा रहे थे, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह मशीन मीरानपुर स्थित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट लैब में लगी है, जहां पूरे अकबरपुर क्षेत्र के मरीजों की जांच की जाती है। मशीन बंद होने से डॉक्टरों द्वारा सुझाई गई जांचें नहीं हो सकीं, जिससे मरीजों का इलाज भी प्रभावित हुआ।बृहस्पतिवार को जांच कराने पहुंचे जमुनीपुर निवासी रविकांत और मनोज ने बताया कि वे पिछले दो दिनों से अस्पताल के चक्कर काट रहे थे, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उनकी जांच नहीं हो सकी। उनके जैसे कई अन्य मरीजों को भी बिना जांच कराए ही लौटना पड़ा।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. नूर अहमद ने बताया कि मशीन में आई तकनीकी खराबी के बारे में संबंधित संस्था को सूचित कर दिया गया था। बृहस्पतिवार शाम को इंजीनियरों ने मशीन को ठीक कर दिया है। मशीन ठीक होते ही 11 मरीजों की जांचें की गईं। अब शुक्रवार से सभी जांचें पहले की तरह सुचारू रूप से होंगी।