अंबेडकरनगर। जिले में चोर गिरोह ने लोगों की नींद हराम कर दी है। यह गिरोह घरों के मुख्य दरवाजे के बजाय छत के रास्ते प्रवेश कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। गिरोह की सक्रियता से लोगों में दहशत है, क्योंकि बीते एक साल में हुई लगभग एक दर्जन चोरियों का खुलासा करने में पुलिस अब तक नाकाम रही है।
हैरानी की बात यह है कि चोरों के काम करने का तरीका एक जैसा होने के बावजूद पुलिस व स्वॉट टीम इस गिरोह तक नहीं पहुंच पाई है। लगातार बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यहां पर हुई चोरी की घटनाएं
11 अप्रैल 2026: राजेसुल्तानपुर के असनारा गांव के प्रसाद,सुरेंद्र,हरीराम,राजेंद्र तथा सुनील यादव की छत के रास्ते से घुसे चोरों ने दस लाख रुपये से अधिक के जेवरात व नकदी लेकर भाग निकले थे। अभी तक मामले का खुलासा नहीं हो सका है।
नौ फरवरी 2026: जहांगीरगंज के सुतहरपारा गांव में सुभाष के घर में घुसे चोरों ने दस लाख रुपये कीमत के जेवरात व नकदी पार कर दिया था। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही थी। जिसके बाद अभी तक रहस्य से पर्दा नहीं उठ सका है।
तीन जनवरी 2026: अकबरपुर के चनवा चौराहे पर तीन जनवरी 2026 की रात चोरों ने सराफा बाजार को निशाना बनाया। चोरों ने साइन ज्वेलर्स, महेश एंड संस ज्वेलर्स सहित चार ज्वेलरी की दुकानों के ताले तोड़ दिए। महेश एंड सन्स ज्वेलर्स से करीब तीन हजार रुपये नकद और 15 हजार रुपये के चांदी के गहने चोरी कर भाग निकले थे।
16 जनवरी 2026- अकबरपुर के मेदीपुर निवासी जगराम यादव व रामकरन और ग्राम रौतापुर के प्रधान राम अकबाल के घरों को चोरों ने अपना निशाना बनाया। इन घरों से चोरों ने सवा लाख रुपये नकद और करीब पांच लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
24 मार्च 2026- शेखपुरा कटरिया याकूपुर में चोर सुदीप वर्मा के घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी लोहे की रॉड (सरिया) से तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी व बक्सों में रखे जेवर समेट ले गए। इसी तरह चोरों ने जानकी प्रसाद के घर से भी सोने की चेन, झुमकी और पायल चोरी कर ली।
28 मई 2025 : राजेसुल्तानपुर के सिकरौरा गांव में चोरों ने अजय सिंह के घर में छत के जीने के रास्ते प्रवेश किया और वहां से दो लाख रुपये नकद व 10 लाख रुपये के गहने लेकर भाग गए। उसी रात चोरों ने गांव के ही राज निषाद के घर धावा बोलकर करीब पांच लाख रुपये के जेवर और 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
24 जून 2025 : सरजू नगर स्थित अंग्रेजी, बीयर और देशी शराब की कंपोजिट दुकान से चोरों ने 40 हजार रुपये नकद और शराब की पेटियां चोरी कर लीं। उसी रात चोरों ने सोल्हवां गांव में राजेश सिंह और मनीष सिंह के घरों को निशाना बनाया, जहां से साढे चार लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये से अधिक के गहने चोरी हुए। जून माह में इसी गांव के प्रमोद यादव के घर से भी दो लाख रुपये से अधिक के जेवरात चोरी होने की वारदात सामने आई थी। इन घटनाओं का खुलासा न होने से ग्रामीणों में रोष है।
चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है। सभी थानाध्यक्षों को रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इन घटनाओं में शामिल चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
- प्राची सिंह, एसपी