फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: जिला अस्पताल में ठप पड़ गई टेली मेडिसिन सेवा

विज्ञापन
जिला अस्पताल में बुधवार को बंद पड़ा टेली मेडिसिन कक्ष। -संवाद - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में एक बार फिर से टेली मेडिसिन सेवा ठप पड़ गई है। दो चिकित्सकों के भरोसे यह सेवा शुरू की गई थी लेकिन दोनों ही अब अलग-अलग जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके चलते शासन की यह महत्वपूर्ण योजना यहां दम तोड़ रही है। इस सेवा के लिए तीन चिकित्सकों की जरूरत है जो पूरी नहीं हो पा रही है।
विज्ञापन

मरीजों को ज्यादा भागदौड़ न करनी पड़े, इसके लिए प्रदेश सरकार टेली मेडिसिन सेवा उपलब्ध करा रही है। मई 2022 में यह महत्वपूूर्ण योजना जिला अस्पताल में शुरू की गई थी। सीएचसी, पीएचसी व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों को इससे जोड़ा गया।
जिला अस्पताल में ओपीडी के बगल ही विशेष कक्ष की स्थापना कर कंप्यूटर व कैमरे आदि का प्रबंध किया गया। शुरू में डॉ. मनोज कुमार व डॉ. मनोज शुक्ल को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इसमें लगाया गया। योजना शुरू ही हुई थी कि डॉ. मनोज कुमार का गैर जनपद तबादला हो गया जबकि डॉ. मनोज शुक्ल के ऊपर सामान्य ओपीडी का भार ज्यादा पड़ने लगा। इससे सेवा ठप हो गई।
विज्ञापन

जिला अस्पताल प्रशासन ने डॉ. रीना राजभर को टेली मेडिसिन सेवा का जिम्मा सौंपा। सेवा शुरू हुई लेकिन डॉ. रीना पोषण एवं पुनर्वास केंद्र का काम देखने लगीं। इससे अब एक बार फिर से जिला अस्पताल में टेली मेडिसिन सेवा पूरी तरह से ठप पड़ गई है।
बीते तीन दिन से यहां ताला नहीं खुल रहा है। संबंधित टेली मेडिसिन सेवा कक्ष अब वीरान पड़ा है। इससे मरीजों की नजदीकी अस्पतालों से ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से बेहतर परामर्श लेने की उम्मीद दम तोड़ रही है।
जिला अस्पताल को टेली मेडिसिन सेवा के बेहतर संचालन के लिए तीन चिकित्सकों की जरूरत है। इसके लिए स्वास्थ्य निदेशालय को प्रस्ताव भी भेजा गया है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि तीन अतिरिक्त चिकित्सक मिलने पर ही इस सेवा का संचालन सुचारु ढंग से हो सकता है।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल में एक दर्जन से अधिक चिकित्सकों के पद पहले से ही खाली चल रहे हैं। मौजूदा चिकित्सकों को ही टेली मेडिसिन सेवा का जिम्मा सौंपने से ओपीडी की व्यवस्था चरमराने लगती है। इसीलिए टेली मेडिसिन सेवा को लेकर अलग से नियुक्ति की मांग की गई है।
ऊंचेगांव के प्रेम व अकबरपुर के राजन ने कहा कि टेली मेडिसिन सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण सेवा है। इससे मरीजों को ज्यादा सुविधा दी जा सकती है। जिला अस्पताल में जल्द से जल्द इस सेवा को स्थायी रूप से शुरू करनी चाहिए।
उकरा के मयाराम व आदमपुर तिंदौली के विदित चतुर्वेदी ने कहा कि किसी सेवा को शुरू कर बीच में रोक देना ठीक नहीं है। मरीजों के स्वास्थ्य की चिंता जिम्मेदारों को करनी चाहिए। टेली मेडिसिन सेवा ठीक ढंग से चलती रही तो इसका लाभ प्रतिदिन बड़ी तादाद में मरीज उठा सकते हैं।
विज्ञापन

टेली मेडिसिन सेवा के संचालन में कुछ व्यवधान आया है। चिकित्सकों की कमी है। इसे दूर कराने के प्रयास चल रहे हैं। जल्द ही सेवा को सुचारु बनाया जाएगा।
-डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें