बाराबंकी। दो बाइकों की टक्कर के बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार किशोर सड़क पर गिरा और उसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस उसे कुचलते हुए निकल गई। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस बस और चालक का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार कानपुर देहात के थाना रूरा क्षेत्र के पदमपुर गांव निवासी हरिओम (14) अपने बड़े भाई अनिरुद्ध सिंह के साथ कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता था और दोनों आजमगढ़ में रह रहे थे। सोमवार सुबह दोनों भाई बाइक से कानपुर अपने घर लौट रहे थे।
सफदरगंज के थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि सफदरगंज थाना क्षेत्र लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सोमवार दोपहर रसौली के पास दोनों भाइयों की बाइक असंतुलित होकर दूसरी बाइक से टकराई। झटका लगने से हरिओम हाईवे पर जैसे ही गिरा तेज रफ्तार रोडवेज बस उसे कुचलते हुए निकल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस आई और जख्मी किशोर को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद बड़ा भाई बदहवास हालत मेंं बिलखता रहा।