अंबेडकरनगर। मालीपुर के ताहापुर गांव में शुक्रवार देर रात 15 वर्षीय किशोरी की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पिता राजेश कुमार ने बताया कि उनकी पुत्री मीना कक्षा नौ की छात्रा थी। रोज की तरह भोजन के बाद घर के एक कोने में सो गई थी। देर रात अचानक नींद से जागकर उसने परिजनों को बताया कि उसे कुछ काट गया है और वह असहज महसूस कर रही है। परिजनों ने तत्काल उसे नगपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। सीएचसी पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मीना की मौत की खबर से उसकी मां दुर्गावती देवी, भाई पवन (12 वर्ष) और बहन रीना (7 वर्ष) बदहवास हो उठे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।