अंबेडकरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा होने के साथ ही बीएलओ व पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। तहसीलवार बीएलओ व पर्यवेक्षक बनाए जाने के लिए आयोग के निर्देशानुसार कर्मचारियों का चयन किया जाने लगा है। 13 अगस्त तक इनका चयन होगा और 14 से डोर टू डोर सर्वे शुरू होगा।
तीन हजार मतदाताओं पर एक बीएलओ की नियुक्ति होगी। तीन हजार से अधिक मतदाता अगर किसी ग्राम पंचायत में हैं तो वहां एक से अधिक बीएलओ की ड्यूटी लगेगी। बीएलओ के लिए लेखपाल, जूनियर बेसिक स्कूलों के अध्यापक, शिक्षामित्र व अन्य राज्य कर्मचारियाें का प्रमुखता से चयन किया जा रहा है।
इसमें जो बीएलओ पूर्व में पुनरीक्षण कार्य में लग चुके हैं, उन्हें प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। किसी भी बीएलओ को एक से अधिक मतदान केंद्र का आवंटन नहीं किया जाएगा ताकि दावा आपत्ति प्राप्त करने के लिए वह केंद्र पर मौजूद रह सकें। वहीं पर्यवेक्षक का चयन न्याय पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इसमें राजस्व निरीक्षक, सहायक विकास अधिकारी, कृषि निरीक्षक, सीनियर बेसिक स्कूलों के अध्यापकों को प्रमुखता की दी जाएगी।
न्याय पंचायत में मतदेय स्थलों की संख्या 20 से अधिक होने पर अतिरिक्त पर्यवेक्षकों की तैनाती होगी। इसके लिए सभी एसडीएम को आयोग के निर्देशों से अवगत करा दिया गया है। एसडीएम की देखरेख में कर्मचारियों को बीएलओ बनाने के लिए सूची तैयार हो रही है। आगामी दिनों में डीएम अनुपम शुक्ला अब तक हुईं तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। ऐसे में सभी एसडीएम बीएलओ व पर्यवेक्षकों को मूर्त रूप देने की जद्दोजहद कर रहे हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश द्विवेदी ने बताया कि बीएलओ व पर्यवेक्षकों का चयन शुरू हो गया है। 14 अगस्त से डोर टू डोर सर्वे शुरू किया जाएगा।