अमरोहा में होगी प्रतियोगिता, डीआईओएस ने 24 सदस्यीय टीम का किया उत्साहवर्धन
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। मुरादाबाद जनपद के अमरोहा में 13 अक्तूबर से प्रारंभ हो रही चार दिवसीय राज्यस्तरीय जूडो प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए बुधवार को 24 सदस्यीय टीम जिले से रवाना हुई। डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने रवाना करने से पहले सभी का उत्साहवर्धन किया और जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।
मालूम हो कि बीते दिनों ही हुई मंडलस्तरीय जूडो प्रतियोगिता में अयोध्या मंडल की टीम में जिले के खिलाड़ियों का चयन हुआ था। इसमें शौर्यशेखर मिश्र, मोहम्मद अली, अली हुसैन, रश्मि रोशन, सृष्टि जायसवाल, अदिति गुप्ता, सै. जैनब अशरफ, आनंद यादव, अनिरुद्ध यादव, आशुतोष, अंशुमान, अस्तित्व मिश्र, सुहानी व वर्तिका समेत 24 खिलाड़ी शामिल हैं। यह सभी खिलाड़ी 13 अक्तूबर से 16 अक्तूबर तक मुरादाबाद के अमरोहा में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय जूडो प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बुधवार को डीआईओएस कार्यालय पहुंचे।
यहां से उन्हें रवाना किया गया। जूडो कोच अमित शुक्ला के नेतृत्व वाली टीम को रवाना करते हुए डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने कहा कि मंडलस्तर पर जो प्रदर्शन किया था उसे राज्यस्तर पर भी कायम रखना होगा। जीत का जज्बा पूरी तरह से मजबूत करना होगा। इस दौरान जिला क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह, मोहम्मद हसन, वीरेश कुमार आदि मौजूद रहे।