अंबेडकरनगर। सेवानिवृत्त माध्यमिक शिक्षक कल्याण परिषदीय के तत्वावधान में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने गुरुवार को बीएसए कार्यालय परिसर में धरना दिया। इसमें वर्ष 2007 से बकाया भविष्य निधि के अविलंब भुगतान की आवाज उठाई गई। कहा गया कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मांगें न मानी तो आंदोलन होगा।
जिलाध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। कहा कि वर्ष 2007 से भविष्य निधि का बकाया भुगतान नहीं हो सका है। इसके भुगतान के लिए कई बार जिम्मेदार लोगों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। कहा कि अनिवार्य जीवन बीमा का धन दिलाया जाए। 79 शिकायतों का 2018 से बकाया भी भुगतान नहीं किया जा सका है। भुगतान न होने से संबंधित शिक्षकों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है। उपेक्षा के विरोध में लंबे समय से आवाज बुलंद की जा रही है, लेकिन उनकी समस्याओं को दूर करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रोन्नति वेतनमान दिए जाने की मांग को भी अनदेखा किया जा रहा है। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही उनकी मागों का निस्तारण नहीं किया गया, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस दौरान दयाराम गौड़, भगवत तिवारी, रामजनम, राजितराम, चिंताराम, घनश्याम, रामतीरथ, रामपूजन आदि मौजूद रहे।